पटना : 24 नवंबर को आयोजित होने वाले सुशासन दिवस को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने तैयारियां तेज कर दी है. इस सिलसिले में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता नीतीश कुमार की उपस्थिति में जिला पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई. बैठक पटना स्थित पार्टी कार्यालय से हुई, जिसमें विभिन्न जिलों में सुशासन दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों और रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बिहार की मंत्री लेसी सिंह, विधान पार्षद एवं पार्टी उपनेता ललन सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी समेत पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे. बैठक में जिला स्तर पर कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने, पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और सुशासन दिवस के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने पर जोर दिया गया.
जेडीयू नेताओं ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों, प्रशासनिक बदलावों और सुशासन की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई. पार्टी का मानना है कि सुशासन दिवस बिहार के विकास की यात्रा और राज्य में आए बदलावों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है.
24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में नई सरकार की शुरुआत हुई थी. पार्टी इस दिन को बिहार के राजनीतिक और प्रशासनिक बदलावों के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखती है. इसी अवसर पर विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर विकास, विश्वास, सुशासन और बिहार की नई पहचान से जुड़े संदेश को लोगों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है.
सुशासन दिवस के आयोजन को लेकर जेडीयू संगठन स्तर पर सक्रिय है और जिला पदाधिकारियों को कार्यक्रमों की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
इस आयोजन के मायने: सुशासन दिवस के जरिए जेडीयू नीतीश कुमार के शासनकाल की विकास यात्रा, प्रशासनिक सुधार और राजनीतिक विरासत को जनता के बीच फिर से स्थापित करने की कोशिश करेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
