औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं को लेकर कोल्हान सह टायो मजदूर यूनियन ने प्रदर्शन किया। यूनियन अध्यक्ष और पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर खरकई पुल से मजदूरों ने मानव श्रृंखला बनाई।मानव श्रृंखला के बाद गम्हरिया स्थित घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में जनसभा हुई।सभा में अरविंद सिंह ने कहा कि कई फैक्ट्रियों में पहले 8 घंटे की 3 शिफ्ट में काम होता था, अब 1 शिफ्ट कम कर 10 से 12 घंटे काम लिया जा रहा है। नीमडीह, बलरामपुर, गोविंदपुर, मानगो और खरसावां से आने वाले मजदूरों को 12 से 15 हजार वेतन पर 12 घंटे खड़े होकर काम करना पड़ रहा है, बैठने तक की व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी उद्योग के खिलाफ नहीं है, उद्योग मजबूत हों लेकिन मजदूर भी सुरक्षित रहें। सभा में शैलेश पांडेय, केशव मिश्र, शशि मिश्र, ओम प्रकाश मिश्रा और अजय कुमार शर्मा ने भी संबोधित किया।
