नालंदा: जिले में बदमाशों ने महज पांच हजार रुपये की रंगदारी नहीं देने पर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना खुदागंज थाना क्षेत्र के शोभा बीघा गांव की है. मृतक की पहचान शोभा बीघा गांव निवासी अमित प्रसाद के 22 वर्षीय बेटे रंजन कुमार के रूप में हुई है.

परिजनों के अनुसार,गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रंजन कुमार से पांच हजार रुपये रंगदारी की मांग की थी. रंगदारी देने से इनकार करने पर आरोपियों ने रंजन कुमार को गोली मार दी. गोली उसके सीने में लगी,जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.

युवक की हत्या की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.