हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय अपराधी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से उसका यह मंसूबा नाकाम हो गया। भागने की कोशिश में अपराधी के पैर में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुद हजारीबाग के एसपी अमन कुमार अस्पताल पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए उससे पूछताछ की।मामला कोर्रा थाना कांड संख्या-205/26 से जुड़ा है। इस मामले के अभियुक्त और राहुल दुबे गैंग के अपराधी तुषार मिश्रा को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए रामगढ़ जेल से हजारीबाग लाया जा रहा था। पुलिस का काफिला जब मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास पहुंचा, तभी अचानक एक नाटकीय घटनाक्रम हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, अभियुक्त तुषार मिश्रा ने शौच जाने का बहाना बनाया और पुलिस वाहन से उतरते ही मौके का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा बलों ने तुरंत तत्परता दिखाई और चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।इस पूरी धर-पकड़ और भागने की कोशिश के दौरान अभियुक्त के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में पुलिस उसे तुरंत उपचार के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां घायल अपराधी से पूछताछ की। एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट किया कि गोली चलवाने की घटना में तुषार मिश्रा की सबसे बड़ी भूमिका रही है और उसी ने पूरी वारदात की प्लानिंग और प्लॉटिंग की थी। उन्होंने बताया कि आज रिमांड पर लाते वक्त उसने भागने की कोशिश की, जिसमें उसे चोट आई है।पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मामले में आगे की पूछताछ जारी है और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक भी जल्द ही पुलिस पहुंच जाएगी। फिलहाल अस्पताल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
