राजधानी रांची के कांके रोड स्थित श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के दुर्गा पूजा पंडाल को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री आदित्य साहू और रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने आम श्रद्धालुओं के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर पूजा समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में मां दुर्गा के भक्त उपस्थित रहे।श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, कांके रोड की दुर्गा पूजा का इतिहास करीब 80 वर्षों पुराना है। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निभाई जा रही है। समिति की खास पहचान पूजा के दौरान बनाए रखा जाने वाला अनुशासन और सुव्यवस्थित आयोजन है, जो श्रद्धालुओं के बीच इसे विशेष बनाता है।
इस पूजा की एक और प्रमुख विशेषता यहां आयोजित होने वाला भव्य भंडारा है। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए आसपास के करीब 20 गांवों से लोग पहुंचते हैं। मां दुर्गा के प्रति आस्था के साथ-साथ यह आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और भाईचारे का भी संदेश देता है।इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री नकुल तिर्की, सचिव श्री राजेश रजक, ट्रस्टी श्री जयंत नाथ शाहदेव, श्री जीवितेश शाहदेव, श्री मनोज वाजपेयी, श्री रमेश सिंह, श्री राजीव वर्मा और श्री गौतम गोराई सहित क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
करीब आठ दशकों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के जरिए श्री श्री दुर्गा पूजा समिति न केवल मां दुर्गा की आराधना कर रही है, बल्कि सामाजिक सद्भाव, सेवा और अनुशासन की मिसाल भी पेश कर रही है।
