बुंडू के पीपीके कॉलेज में एनसीसी यूनिट बंद किए जाने के मामले को लेकर JLKM के उपाध्यक्ष और छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि पीपीके कॉलेज में पिछले 41 वर्षों से एनसीसी यूनिट संचालित हो रही थी, जिससे हजारों छात्रों को लाभ मिला है। एनसीसी से छात्रों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रशिक्षण के साथ-साथ शिक्षा और सरकारी नौकरियों में भी अवसर मिलते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण इस वर्ष से एनसीसी यूनिट को बंद कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बुंडू, तमाड़, सोनाहातू, सिल्ली और राहे क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान और मजदूर परिवार अपने बच्चों को बाहर महंगे प्रशिक्षण के लिए नहीं भेज सकते। ऐसे में एनसीसी यूनिट बंद होने से ग्रामीण छात्रों के अवसर प्रभावित होंगे।उन्होंने राज्यपाल से एनसीसी यूनिट बंद किए जाने के कारणों की समीक्षा कर इसे दोबारा बहाल करने और नियमित रूप से संचालित कराने की मांग की। राज्यपाल ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभाग और विश्वविद्यालय से बात करने का आश्वासन दिया है।देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र, अभिभावक और शिक्षाविदों के साथ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
