'12 जून को देश में जाएगा एक राजनीतिक संदेश' : संजय झा ने केंद्र के खिलाफ भरी हुंकार, बोले- तानाशाही से मुक्ति दिलाना एकमात्र एजेंडा


पटना : बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने केंद्र पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि आगामी 12 जून को पटना की महान धरती से पूरे देश में एक राजनीतिक संदेश जाएगा। देश को केन्द्र की मौजूदा तानाशाही सरकार से मुक्ति दिलाना ही हमारा एकमात्र एजेंडा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के सार्थक प्रयास का परिणाम है कि आज सभी विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं।
दरअसल शुक्रवार को जेडीयू मुख्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा एवं विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए आमलोगों की शिकायतों को सुनकर कानून सम्मत निष्पादन हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया।
उन्होंने केंद्र के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर बिहार की जनता हर वर्ष चार महीने बाढ़ की विभीषिका को झेलती है। प्रदेश की सरकार शुरू से ही बाढ़ के प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है लेकिन हम सभी इस बात से अवगत हैं कि कोशी हाई डैम के निर्माण के बगैर बाढ़ का स्थायी समाधान संभव नहीं हो सकता है। विगत कई वर्षों से हम केंद्र सरकार से कोशी हाई डैम का निर्माण कार्य शुरु कराने की मांग कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार द्वारा लगातार हमारी मांगो को जानबूझकर अनसुना किया जाता रहा है।
वहीँ विपक्षी एकता की बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय कुमार झा ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पटना में आहूत विपक्षी नेताओं की बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सार्थक प्रयास का परिणाम है कि आज सभी विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं। आगामी 12 जून को पटना की महान धरती से पूरे देश में एक राजनीतिक संदेश जाएगा। देश को केन्द्र की मौजूदा तानाशाही सरकार से मुक्ति दिलाना ही हमारा एकमात्र एजेंडा है।