खूंटी से निर्दलीय चुनाव लड़ रही बबीता कच्छप ने निर्वाचन आयोग से उनके खिलाफ हो रहे दुष्प्रचार को लेकर शिकायत की है. यह शिकायत शनिवार को जिला निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में की गयी है. शिकायत के बाद बबीता कच्छप ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा है कि कुछ शरारती तत्व उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर कमेंट कर मतदाताओं को दिगभ्रमित कर रहे हैं. उन्होंने जिला निर्वाची पदाधिकारी से कहा है कि उनके वोटर्स को गलत जानकारी देकर भड़काया जा रहा है. इस मामले पर जिला निर्वाची पदाधिकारी सहायता करें, क्योंकि उन्होंने ऐसी कार्रवाई को लेकर सूचना देने की बातें कही थीं. खूंटी लोकसभा सीट को लेकर 13 मई को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जायेंगे.

बबीता कच्छप ने कई लोगों से सबूत देने की बातें भी कही है. खास कर रेबेल-एच, मरियानुस किंडो, अनुप कुल्लू सरीखे लोगों के पोस्ट भी बबिता कच्छप ने अपने पोस्ट में शेयर किये हैं. इन लोगों की ओर से यह आरोप लगाया गया है कि बबिता कच्छप कोई दीदी नहीं, वह वोटकटवा हैं. कांग्रेस के खिलाफ हैं और ससुराल से गंठबंधन कैसे चलायेंगी. कुछ ने यह कहा है कि यदि बबिता कच्छप जीतती भी हैं, तो केंद्र में किसका समर्थन करेंगी. इससे बौखलायी बबिता ने उपायुक्त को शिकायत कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

...डेस्क