श्री गोपीकृष्ण गौ आश्रम में गायों को खिलाया फल और चारा,गोबर से बने दीपक,धूपबत्ती और सजावटी उत्पादों की सराहना;बोले- गौसेवा हमारी संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार
पटना: गोपाष्टमी के पावन अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गौसेवा और गौ-संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वे पटना के श्रीरामपुर नरमा स्थित श्री गोपीकृष्ण गौ आश्रम में आयोजित गोपाष्टमी पूजन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की और उन्हें फल एवं चारा खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में गौमाता का स्थान अत्यंत पूजनीय है। हमारे धर्मग्रंथों में कहा गया है-'गावो विश्वस्य मातरः', अर्थात गौमाता संपूर्ण विश्व की माता हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने भी गोपाल के रूप में गौसेवा का संदेश दिया है।
गौसेवा धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ी हुई है। गाय का दूध, दही, घी और गोबर ग्रामीण जीवन एवं अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि गोबर से जैविक खाद तैयार कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा सकता है। आज जरूरत है कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए और गौवंश के संरक्षण के साथ उनके संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
गोबर से बने स्वदेशी उत्पादों की सराहना
श्री गोपीकृष्ण गौ आश्रम में गोबर से तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों को देखकर डॉ. प्रेम कुमार ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने गोबर से बनाए जा रहे आकर्षक दीपक, धूपबत्ती, शुभ-लाभ पट्टिका, श्री और स्वास्तिक चिह्न सहित कई उपयोगी एवं सजावटी वस्तुओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल गौसेवा, स्वदेशी सोच, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की भावना का अनूठा संगम है। इस तरह के प्रयासों से कुटीर उद्योग और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा स्वरोजगार का अवसर
विधानसभा अध्यक्ष ने आश्रम के संचालक गोपाल मोदी की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि गोधन उत्पाद कार्यशाला के माध्यम से किसानों और ग्रामीण महिलाओं को गोबर से उपयोगी वस्तुएं बनाने का निःशुल्क प्रशिक्षण देना सराहनीय कदम है। इससे किसानों को अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा, वहीं ग्रामीण महिलाएं घर पर ही स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
गौ-संरक्षण को जनअभियान बनाने की अपील
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सरकार, समाज और गौशाला संचालकों के सामूहिक प्रयास से गौ-संरक्षण को जनअभियान बनाया जा सकता है। बेसहारा गौवंश की सेवा, सुरक्षा और उनके लिए उचित चारा, पानी एवं चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने लोगों से गोपाष्टमी के अवसर पर गौसेवा, गौ-संरक्षण, प्राकृतिक खेती और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प लेने की अपील की।
कुल मिलाकर गोपाष्टमी के अवसर पर श्री गोपीकृष्ण गौ आश्रम में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का संदेश भी देता नजर आया।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

