मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत 407श्रमिकों का हुआ निबंधन,वेंडिंग जोन में फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने और अवैध वसूली पर कार्रवाई के निर्देश
रांची: रांची नगर निगम में मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में DAY-NULM (दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन) के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री श्रमिक योजना, वेंडिंग जोन, लेबर चौक, लेबर शेड, शेल्टर होम और आगामी त्योहारों को लेकर स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जनसुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्रमिक योजना में 407श्रमिकों का निबंधन
बैठक में DAY-NULM शाखा की ओर से बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक मुख्यमंत्री श्रमिक योजना (MSY) के तहत 407 श्रमिकों का स्वच्छता कार्यों के लिए निबंधन किया गया है। इन श्रमिकों को नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के साथ जोड़कर सफाई कार्यों में लगाया गया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्देश दिया कि नगर निगम के नियमित श्रमिकों और मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत निबंधित श्रमिकों के बीच किसी तरह की दोहराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। आगामी छठ महापर्व, सोहराय और गुरुनानक जयंती को देखते हुए अधिक से अधिक MSY श्रमिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा वेंडिंग जोन, नदियों, बड़े नालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई में भी इन श्रमिकों की सेवाएं लेने को कहा गया।

लेबर चौक और लेबर शेड की व्यवस्था होगी मजबूत
बैठक में बताया गया कि डोरंडा बाजार, स्वर्गीय दुर्गा सोरेन चौक और हज हाउस के समीप लेबर चौक की व्यवस्था तैयार है। वहीं, अन्य पांच स्थानों पर लेबर चौक विकसित करने की प्रक्रिया जारी है। इस पर नगर आयुक्त ने सामुदायिक संगठनकर्ताओं और MSY श्रमिकों को लेबर चौक की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित क्षेत्रों के श्रमिकों को लेबर शेड का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने और निर्माणाधीन लेबर शेड का काम जल्द पूरा करने को कहा।

वेंडिंग जोन में व्यवस्थित होंगे फुटपाथ दुकानदार
शहर में फुटपाथ विक्रेताओं को व्यवस्थित करने को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस स्थित वेंडिंग जोन में मोरहाबादी क्षेत्र के साप्ताहिक हाट-बाजार में लगने वाले सब्जी विक्रेताओं को अस्थायी रूप से व्यवस्थित तरीके से शिफ्ट करने को कहा। इसके अलावा कचहरी चौक से नागा बाबा खटाल तक के ठेला विक्रेताओं को चरणबद्ध तरीके से वेंडिंग जोन के निर्धारित हिस्से में व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया।

फुटपाथ दुकानदारों से अवैध वसूली पर होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त ने सभी नगर अभियान प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फल और सब्जी विक्रेताओं से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली नहीं होनी चाहिए। यदि अवैध वसूली की शिकायत मिलती है या ऐसी गतिविधि सामने आती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

ठंड से पहले दुरुस्त होंगे शेल्टर होम
आगामी शीतकालीन मौसम को देखते हुए नगर आयुक्त ने शहर में संचालित सभी शेल्टर होम को दुरुस्त करने और वहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तर्ज पर जरूरतमंद और निराश्रित लोगों को ठंड से बचाने के लिए अस्थायी शेल्टर होम भी बनाए जाएंगे। इसके लिए उपयुक्त स्थलों का चयन जल्द पूरा करने को कहा गया, ताकि ठंड बढ़ने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।

बैठक में निगम के कई अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर अभियान प्रबंधक, सहायक अभियंता और DAY-NULM शाखा के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट