पटना: जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ सड़क पर बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है. विपक्षी नेताओं ने घटना को लेकर सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला है.
तेजस्वी यादव ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना से जुड़ा वीडियो साझा किया है. इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान का वीडियो भी पोस्ट किया. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में अराजक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है और छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि अपराधी दिनदहाड़े स्कूल,कॉलेज और घरों तक में अपराध कर रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के चुनावी वादों का जिक्र किया और आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं पर प्रधानमंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
राजद नेता ने नीतीश कुमार को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी की. उन्होंने बिहार में सत्ता परिवर्तन और मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के हटने का जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादों के बीच बिहार का खजाना खाली किया जा रहा है.
तेजस्वी यादव ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की जिम्मेदारी अनुभवहीन हाथों में सौंप दी गई है. साथ ही उन्होंने राज्य की मौजूदा स्थिति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया.
वहीं,जमुई मामले में पुलिस कार्रवाई भी जारी है. पुलिस के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर 3 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
