पटना: गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को गोपालगंज और मोतिहारी का हवाई सर्वेक्षण किया. मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण के दौरान बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. प्रशासन को राहत,बचाव और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया है. प्रभावित इलाकों में जरूरत के अनुसार राहत सामग्री,सुरक्षित स्थानों पर लोगों के पहुंचने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

गंडक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बीच गोपालगंज और मोतिहारी के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है. मुख्यमंत्री के हवाई सर्वेक्षण का उद्देश्य प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और राहत-बचाव की तैयारियों की समीक्षा करना रहा.

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक तंत्र को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचे और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे.

सरकार की ओर से बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकतानुसार तत्काल कदम उठाने की बात कही गई है. प्रशासन को नदी के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-