झारखंड की राजनीति में एक बार फिर बयानों का दौर तेज़ हो गया है! चुनाव प्रक्रिया और EVM पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर, झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बेहद तीखा और जोरदार पलटवार किया है। गिरिडीह में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में लगातार अराजकता और भ्रम का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। मरांडी ने कहा कि 2014 में सत्ता से बाहर होने के बाद से ही कांग्रेस और पूरा विपक्ष लगातार तथ्यहीन मुद्दे उठा रहा है। कभी 'ईवीएम ब्लैक बॉक्स', कभी 'चौकीदार चोर है', तो कभी राफेल और फोन टैपिंग जैसे झूठे मामलों के ज़रिए सरकार को बदनाम करने की नाकाम कोशिश की गई है। बात यहीं नहीं रुकी! बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए यहाँ तक कह दिया कि पार्टी को अपने शीर्ष नेता का इलाज देश या विदेश के किसी अच्छे अस्पताल में कराना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो राहुल गांधी की यह कार्यशैली साल 2029 के चुनावों तक कांग्रेस के साथ-साथ पूरे 'इंडी गठबंधन' को पूरी तरह डुबो देगी! चुनाव आयोग के हालिया बयान का जिक्र करते हुए मरांडी ने कहा कि एक अखबार की खबर को आधार बनाकर विपक्ष ने बेवजह का बवंडर खड़ा किया था। लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य आयुक्तों के संयुक्त बयान ने साफ कर दिया कि सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए थे, जिससे विपक्ष के तमाम झूठे आरोप बेनकाब हो गए हैं। मरांडी ने यहाँ तक आरोप लगाया कि राहुल गांधी कभी देश के विकास के साथ खड़े नहीं दिखते और उनकी बयानबाजी अक्सर विदेशी ताकतों के हितों के अनुकूल नजर आती है।
