पटना: बिहार की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत में पटना जिले के दुल्हिन बाजार प्रखंड स्थित उलार गांव का ओलार्क सूर्य मंदिर विशेष महत्व रखता है। लोक मान्यता के अनुसार, इस प्राचीन मंदिर का इतिहास द्वापर युग से जुड़ा हुआ है। भगवान सूर्य को समर्पित इस मंदिर में छठ महापर्व के दौरान बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। प्रत्येक रविवार भी यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।

राजा शाम्ब की कथा से जुड़ा है मंदिर

धार्मिक ग्रंथ शाम्ब पुराण के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण और जामवंती के पुत्र राजा शाम्ब को महर्षि गर्ग ने कुष्ठ रोग से पीड़ित होने का श्राप दिया था। मान्यता है कि राजा शाम्ब को इस श्राप से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने शाकद्वीप से सूर्य उपासक ब्राह्मणों और वैद्यों को बुलाया था। इसके बाद सूर्य उपासना और उपचार की परंपरा शुरू हुई। इसी क्रम में बिहार के ओलार्क समेत 12 प्रसिद्ध अर्क स्थलों की स्थापना की मान्यता है। इनमें कोणार्क, देवार्क, पुण्यार्क और औंगार्क जैसे धार्मिक स्थल भी शामिल हैं।

औरंगजेब ने तुड़वाया था प्राचीन मंदिर

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मुगल शासक औरंगजेब ने प्राचीन सूर्य मंदिर को ध्वस्त करवा दिया था। इसके बाद श्रद्धालु पीपल के पेड़ के नीचे भगवान सूर्य की पूजा करते रहे। वर्ष 1948 में संत सद्गुरु अलबेला बाबाजी महाराज के प्रयास और स्थानीय लोगों के सहयोग से यहां मंदिर का पुनर्निर्माण कराया गया।

14 करोड़ से अधिक की राशि से हो रहा विकास

मंदिर के पश्चिमी प्रवेश द्वार के पास एक सरोवर स्थित है। श्रद्धालु यहां स्नान कर भगवान सूर्य की पूजा करते हैं। मंदिर के महंत अवध बिहारी दास जी महाराज के अनुसार, प्रत्येक रविवार हजारों लोग पहुंचते हैं। पिछले वर्ष बिहार सरकार ने मंदिर के विकास के लिए 14 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई थी। इससे मंदिर परिसर में विकास कार्य जारी है। छठ महापर्व के दौरान यहां विशेष धार्मिक आयोजन और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिलती है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट