पटना: लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। छठ को लेकर पूरे बिहार में उत्साह और भक्तिमय माहौल है। इस बीच भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह भी छठ की तैयारियों में जुटी नजर आईं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह खुद नहाय-खाय का प्रसाद तैयार करती दिखाई दे रही हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

छठ के बहाने राजनीतिक दिग्गजों को न्योता

इस बार अक्षरा सिंह ने छठ महापर्व को खास बनाने के लिए बिहार की राजनीति के दिग्गज नेताओं को अपने आवास पर आमंत्रित किया है। खास बात यह है कि उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों खेमों के नेताओं को निमंत्रण दिया है। गुरुवार को उन्होंने राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव तथा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से मुलाकात कर उन्हें छठ पूजा का निमंत्रण दिया। इस दौरान तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य से भी उनकी मुलाकात हुई।

नीतीश से सम्राट और चिराग तक पहुंचा निमंत्रण

अक्षरा सिंह इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, विधायक अनंत सिंह और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई नेताओं को छठ का निमंत्रण दे चुकी हैं। अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।

कंकरबाग के रेनबो मैदान में होगा आयोजन

मुंबई में रहने वाली अक्षरा सिंह छठ महापर्व के मौके पर बिहार लौट आई हैं। पटना के कंकरबाग स्थित उनके पारिवारिक आवास पर वह परिवार के साथ पर्व मनाती हैं। इस बार कंकरबाग के रेनबो मैदान में छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। अक्षरा की कोशिश है कि छठ के पावन अवसर पर बिहार के सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता एक साथ नजर आएं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट