बिहार में फिर महंगा होगा सुधा दूध, छह महीने बाद कीमतें बढ़ाने की तैयारी, कॉम्फेड ने गठित की कमेटी, जल्द होगा फैसला
पटना:
बिहार के आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लग सकता है। राज्य में लोकप्रिय सुधा दूध की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की तैयारी शुरू हो गई है। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब सुधा दूध भी महंगा होने की संभावना है। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन (कॉम्फेड) ने दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों की नई कीमतें निर्धारित करने के लिए एक कमेटी गठित की है।

कॉम्फेड के चेयरमैन शीर्षत कपिल अशोक के अनुसार, बाजार की मौजूदा स्थिति और दुग्ध उत्पादकों की लागत को ध्यान में रखते हुए कीमतों की समीक्षा की जा रही है। गठित कमेटी दूध उत्पादन से लेकर बाजार तक की लागत का आकलन करेगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कीमतों में बदलाव को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

मई में भी बढ़े थे दाम

गौरतलब है कि इससे पहले 25 मई 2026 को सुधा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय एक लीटर दूध के दाम में तीन रुपये और 200 ग्राम पनीर की कीमत में 10 रुपये की वृद्धि हुई थी। अब करीब छह महीने बाद फिर कीमतें बढ़ाने की तैयारी है।

अमूल और मदर डेयरी भी बढ़ा चुके हैं कीमतें

इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने 12 नवंबर से दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी लागू की है। अमूल गोल्ड अब 74 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि अमूल ताजा के दाम में दो रुपये की वृद्धि हुई है।

लागत बढ़ने से कीमतों पर दबाव

डेयरी कंपनियों के मुताबिक, पशु चारा, पशु आहार, पैकेजिंग, ईंधन और परिवहन की लागत बढ़ने से दूध उत्पादन महंगा हो रहा है। हालांकि, सुधा दूध की कीमतें कितनी बढ़ेंगी और नई दरें कब से लागू होंगी, इस पर अभी कोई अंतिम घोषणा नहीं हुई है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट