दु:खद : नवादा की जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोनी शिल्पी का निधन, शोक की लहर
नवादा : जिले की जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोनी शिल्पी का गुरुवार रात निधन हो गया है. इस दु:खदघटना की सूचना से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है. उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही न्यायिक जगत,प्रशासनिक अधिकारियों,अधिवक्ताओं और आम नागरिकों में गहरा दुःख व्याप्त है.
सोनी शिल्पी एक कर्तव्यनिष्ठ,न्यायप्रिय और अनुशासित न्यायाधीश के रूप में जानी जाती थीं. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई की और न्याय व्यवस्था में लोगों का विश्वास मजबूत किया. न्यायालय परिसर में उनकी कार्यशैली और व्यवहार की सभी सराहना करते थे.
उनके निधन की सूचना मिलते ही जिला न्यायालय में शोकसभा का आयोजन किया गया,जहां न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
सोनी शिल्पी का निधन न्यायिक सेवा के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है. उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति दे.
नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट





