कांग्रेस में शामिल होने के बाद उपचुनाव से ठीक पहले 22 अक्टूबर को कन्हैया जब बिहार आए थे तो पटना में कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में खूब स्वागत हुआ। आरजेडी से नाता तोड़ने वाली कांग्रेस को लगा कन्हैया के रुप में ऐसा रॉकेट मिल गया, जिससे वो ज़मीन से सीधे सियासत के आसमान पर बैठ जाएगी। कन्हैया ने भी माहौल टाइट करने की पूरी कोशिश की। आते ही तेजस्वी यादव और आरजेडी को निशाने पर लिया। चुनाव में कांग्रेस के स्ट्राइक रेट पर आरजेडी बार-बार सवाल उठाता रहा है। जिसका जवाब कन्हैया ने दिया। कन्हैया कुमार यहीं नहीं रुके, आरजेडी सांसद मनोज झा ने बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास पर ड्रॉइंग रुम वाली राजनीति करने का आरोप लगाते हुए हमला किया था, जिसके जवाब में भी कन्हैया ने करारा पलटवार किया था।

कन्हैया के साथ-साथ हार्दिक पटेल और जिग्नेश मेवानी ने भी बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने की पूरी कोशिश की थी। उपचुनाव में कांग्रेस कन्हैया, हार्दिक और जिग्नेश की युवा तिकड़ी की चकरी के भरोसे थी। इस तिकड़ी की चकरी के भरोसे कल तक जिस तेजस्वी यादव को सीएम उम्मीदवार घोषित कर आरजेडी के पीछे-पीछे कांग्रेस चलने को तैयार थी। उस तेजस्वी और आरजेडी से अलग कांग्रेस उपचुनाव की दोनो सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े कर दिए। यहां तक कि आरजेडी से पूरी तरह नाता तोड़ने का सीधा ऐलान बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास करते हुए अगला लोकसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ने का भी ऐलान कर दिया।

लेकिन कहते हैं ना तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा। लोकसभा की 40 सीटों का सपना देखने वाली कांग्रेस 2 सीटों के उपचुनाव के चकरी में ही गुम हो गई। कन्हैया, हार्दिक और जिग्नेश की चकरी बम फुस्स साबित हुई।

दोनो सीटों पर कांग्रेस जमानत भी नहीं बचा पाई।कुशेश्वर स्थान और तारापुर,दोनों सीट पर कांग्रेस चौथे नंबर की पार्टी बनकर रह गई। कुशेश्वर स्थान में कांग्रेस प्रत्याशी अतिरेक कुमार को कुल 5602 वोट मिले जो कुल वोट का केवल 4.27 फीसदी है। तारापुर में कांग्रेस प्रत्याशी राजीव मिश्रा को 3570 वोट मिले जो कुल वोट का केवल 2.10 फीसदी है। कांग्रेस को दोनों सीटों पर कुलमिलाकर महज 9172 वोट मिले जो केवल 3.05 फीसदी हीहै। बिहार उपचुनाव में पहली बार चिराग पासवान एक नई पार्टी- एलजेपी (रामविलास) और सिंबल के साथ मैदान में उतरे और अपने पहले ही चुनावी टेस्ट में चिराग ने कांग्रेस को चौथे पायदान पर धकेल दिया।

वैसे पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस की ऐसी हालत हुई हो। कांग्रेस का हर सियासी बम पटाखा पिछले तीन दशकों से फुस्स ही साबित होती रही है।

पिछले तीस सालों से बिहार में कांग्रेस की जड़ें कमज़ोर होती गईं। बिहार के आखिरी कांग्रेसी मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र थे। आरजेडी के सहारे ही अब तक कांग्रेस का वजूद टिका रहा है। पिछले 5 विधानसभा चुनावों में पार्टी को खास सफलता नहीं मिली। फरवरी 2005 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को महज 10 सीटें मिलीं थीं। 2010 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को महज 4 सीटें मिलीं थीं। 2015 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 27 सीटें मिलीं। लेकिन 2015 में नीतीश-लालू के साथ होने का फायदा मिला था। 2020 विधानसभा चुनाव में 70 में से सिर्फ 19 सीटें जीत सकीं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को एक सीट मिली।

साफ है कांग्रेस को जीत की दिवाली मनाने के लिए अभी बहुत रातें काली करनी पड़ेगी और अपने दम पर जीत के लिए कांग्रेस को कन्हैया, हार्दिक या जिग्नेश के रॉकेट के बूते सीधे जीत के आसमान पर पहुंचने के बजाए पहले ज़मीन पर मेहनत करनी होगी।