छठ की तैयारियों में बदल गया समय, कभी थेकी से साफ होता था गेहूं और जांते पर पिसता था आटा

पटना: वक्त के साथ रहन-सहन और छठ महापर्व मनाने के तौर-तरीकों में काफी बदलाव आया है। आज बाजार में छठ पूजा के लिए तैयार गेहूं का आटा और प्रसाद की सामग्री आसानी से उपलब्ध हो जाती है, लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब छठ की तैयारियां कई दिन पहले घरों में शुरू हो जाती थीं। उस दौर में गेहूं साफ करने से लेकर आटा पीसने तक पूरा परिवार मिलकर काम करता था।

बुजुर्गों की यादों में आज भी छठ की वे पुरानी परंपराएं ताजा हैं, जब घर के आंगन में गेहूं फैलाकर थेकी और सूप की मदद से उसकी सफाई की जाती थी। महिलाएं गेहूं से कंकड़, मिट्टी और अन्य अवांछित चीजें अलग करती थीं। इस काम में बच्चे भी परिवार के सदस्यों का हाथ बंटाते थे। छठ के प्रसाद के लिए गेहूं की शुद्धता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता था।

जांते की आवाज के साथ गूंजते थे छठी मैया के गीत

पहले घरों में हाथ से चलने वाले जांते पर गेहूं पीसा जाता था। महिलाएं मिलकर जांता चलाती थीं और इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीत गाती थीं। जांते की घर्र-घर्र आवाज और लोकगीतों से घरों का माहौल भक्तिमय हो जाता था। इसके बाद इसी आटे से ठेकुआ, कसार और अन्य प्रसाद तैयार किए जाते थे।

सामूहिकता और अपनापन था छठ की पहचान

उस समय छठ की तैयारी केवल पूजा की व्यवस्था तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह पारिवारिक और सामाजिक जुड़ाव का भी अवसर होता था। पड़ोस की महिलाएं एक-दूसरे के घर पहुंचकर गेहूं साफ करने और प्रसाद बनाने में सहयोग करती थीं।

अब आधुनिक मशीनों और बाजार में उपलब्ध सुविधाओं ने इन पारंपरिक तरीकों की जगह ले ली है। हालांकि, छठ की आस्था आज भी कायम है, लेकिन थेकी, जांता और लोकगीतों से जुड़ी पुरानी यादें बुजुर्गों के मन में विशेष स्थान रखती हैं। यही परंपराएं छठ महापर्व की सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक एकता की पहचान रही हैं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट