स्वास्थ्य पेशेवरों के पंजीकरण और योग्यता पर रहेगी नजर,संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद से व्यवस्था होगी पारदर्शी और जवाबदेह
पटना: बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। बिहार राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद के क्रियाशील होने से स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि परिषद के माध्यम से स्वास्थ्य पेशेवरों के पंजीकरण, योग्यता और व्यावसायिक मानकों के लिए पारदर्शी व्यवस्था विकसित की जाएगी।

स्वास्थ्य पेशेवरों का होगा पंजीकरण
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि परिषद का गठन राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल वृत्ति आयोग अधिनियम, 2021 के प्रावधानों के तहत किया गया है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य पेशेवरों का पंजीकरण, नियमन और उनके व्यावसायिक मानकों को सुनिश्चित करना है। परिषद राज्य रजिस्टर के रखरखाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

फिजियोथेरेपी से लेकर रेडियोलॉजी तक मिलेगा लाभ
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपी, मेडिकल लैबोरेटरी साइंस, रेडियोलॉजी और ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। परिषद इन क्षेत्रों में कार्यरत पेशेवरों की योग्यता, दक्षता और निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने में मदद करेगी।

स्वायत्त और सलाहकार बोर्ड का होगा गठन
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने पर सरकार का विशेष जोर है। परिषद के अंतर्गत स्वायत्त बोर्ड और सलाहकार बोर्ड के गठन की प्रक्रिया भी जारी है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि परिषद के प्रभावी संचालन से बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और जवाबदेही बढ़ेगी। इससे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट