रांची : झारखंड हाईकोर्ट की दो महिला अधिवक्ता आज उस वक्त दुर्घटना की शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गई जब वह कोर्ट जा रही थी तभी अचानक पीछे से किसी मंत्री के गाड़ी का सायरन बजने के दौरान घबराहट में महिला अधिवक्ता के स्कूटी का संतुलन गड़बड़ा गया और वह डिवाइडर से टकरा गई जिससे गंभीर रूप से दोनों अधिवक्ता घायल हो गई है. घायल एक महिला अधिवक्ता का इलाज पारस अस्पताल में चल रहा है वहीं दूसरी महिला अधिवक्ता का प्रारंभिक इलाज पारस में होने के बाद बेहतर इलाज के लिए सृष्टि नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है.



झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और इस मामले को मुख्य न्यायाधीश के पास ले जाने की बात कही है. हाईकोर्ट के अधिवक्ता और हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के सदस्य धीरज कुमार की मानें तो विधानसभा सत्र के दौरान विशेष ट्रैफिक व्यवस्था के तहत अधिवक्ताओं के जाने के लिए और मंत्री विधायकों के जाने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किया गया था. ऐसे में अधिवक्ताओं के निर्धारित मार्ग से मंत्री का काफिला कैसे गुजरा और हूटर का इस्तेमाल क्यों किया गया. यह जांच का विषय है और इन दोनों मामले को लेकर मुख्य न्यायाधीश से चर्चा की जाएगी.