पटना: बिहार प्रशासन में बुधवार को बड़ा फेरबदल हुआ है. मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे दीपक कुमार को इस पद से हटा दिया गया है. सरकार ने उन्हें बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है. इस पद पर इससे पहले उदय कांत मिश्रा कार्यरत थे. उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद11सितंबर से यह पद रिक्त था.

दीपक कुमार1984बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे हैं. वे20मार्च2021को सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे. इसके अगले ही दिन यानी21मार्च2021को उन्हें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. इसके बाद करीब साढ़े पांच साल तक उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय में इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभाली.

दीपक कुमार का प्रशासनिक अनुभव काफी व्यापक रहा है. अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने बिहार के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी के तौर पर काम किया. बक्सर, नालंदा, हजारीबाग और मोतिहारी समेत करीब13जिलों में डीएम की जिम्मेदारी संभालने का अनुभव उनके पास रहा है.

इसके अलावा उन्होंने राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में भी जिम्मेदारी निभाई है. स्वास्थ्य, नगर विकास, सामान्य प्रशासन, कैबिनेट, पर्यटन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में भी वे महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं.

अब बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी होगी. मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद पर किस अधिकारी की नियुक्ति होगी, इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर नजर बनी हुई है. इस बदलाव के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय में जिम्मेदारियों के पुनर्गठन की भी संभावना है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-