रांची में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान लगातार जारी है। पुरानी विधानसभा गेट के पास चलाए गए अभियान में ट्रैफिक एसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। सात दिवसीय इस अभियान में हर दिन अलग-अलग थीम के जरिए लोगों को सुरक्षित सफर का संदेश दिया जा रहा है। आज वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से होने वाले खतरे को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।

रांची ट्रैफिक पुलिस की ओर से 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक सात दिवसीय सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का नाम है— “सुरक्षित सफर, सुरक्षित जीवन”। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के पहले दिन “हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं” के संदेश के साथ दोपहिया वाहन चालकों को जागरूक किया गया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की गई। दूसरे दिन चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के फायदे बताए गए। वहीं आज पुरानी विधानसभा गेट के पास अभियान के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को समझाया कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल चालक का ध्यान भटका सकता है और दुर्घटना का कारण बन सकता है।

रांची ट्रैफिक पुलिस के इस सात दिवसीय अभियान में हर दिन अलग-अलग थीम के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का संदेश साफ है\सड़क पर नियमों का पालन करें और खुद के साथ दूसरों की जिंदगी को भी सुरक्षित रखें।