BIHAR NEWS : गोपालगंज में विभिन्न मामलों में जब्त करीब करोड़ के शराब पर चला बुलडोजर
गोपालगंज : जिले में शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. पुलिस और उत्पाद विभाग द्वारा अलग-अलग मामलों में जब्त की गई भारी मात्रा में देसी और विदेशी शराब को बुधवार को विधिवत प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया गया है. यह कार्रवाई जिले के बलथरी चेक पोस्ट पर अधिकारियों की मौजूदगी में की गई.
दरअसल, गोपालगंज जिले में बिहार मद्य निषेध कानून के तहत पुलिस और उत्पाद विभाग द्वारा समय-समय पर जब्त की गई शराब का बुधवार को विनष्टीकरण किया गया. बलथरी चेक पोस्ट पर उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा और प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट की निगरानी में यह कार्रवाई संपन्न हुई.
जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग से जुड़े 53 मामलों में जब्त 2069 लीटर शराब को नष्ट किया गया. वहीं जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जुड़े 35 मामलों में बरामद 11,280 लीटर देसी और विदेशी शराब का भी विनष्टीकरण किया गया. इस तरह कुल मिलाकर 88 कांडों में जब्त लगभग 13,300 लीटर शराब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया.
बताया जा रहा है कि नष्ट की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब करोड़ों रुपये आंकी जा रही है. इस पूरे मामले में उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत पुलिस और उत्पाद विभाग द्वारा जब्त की गई शराब को न्यायालय के निर्देश और विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत बलथरी चेक पोस्ट पर विनष्टीकरण किया गया है. उत्पाद विभाग का कहना है कि जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी,ताकि बिहार में लागू मद्य निषेध कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--





