झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन आज जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने अर्जुन मुंडा की माता स्वर्गीय सायरा मुंडा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने दिवंगत सायरा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और नमन किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच एक बेहद भावुक मुलाकात देखने को मिली.मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन आज विशेष हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे जमशेदपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांधा स्थित पैतृक आवास की ओर रवाना हुआ। आवास पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले दिवंगत सायरा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कल्पना सोरेन ने भी नम आंखों से स्वर्गीय सायरा मुंडा को नमन किया।

इस दौरान माहौल बेहद गमगीन नजर आया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैठकर गहरी संवेदना व्यक्त की। वहीं, कल्पना सोरेन ने भी अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा और परिवार की महिलाओं से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने अर्जुन मुंडा से कहा कि मां का जाना जीवन की सबसे बड़ी और अपूरणीय क्षति होती है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। हेमंत सोरेन ने भरोसा दिलाया कि दुख के इस समय में पूरा झारखंड उनके परिवार के साथ खड़ा है।