पटना : जापान में आयोजित पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद बिहार के होनहार गोलकीपर सावन कुमार का पटना आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया. बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने पटना एयरपोर्ट पहुंचकर सावन कुमार का अभिनंदन किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी.

एशिया कप विजेता बिहार के गोलकीपर सावन कुमार का पटना में भव्य स्वागत

इस अवसर पर खेल मंत्री ने कहा कि सावन कुमार ने अपने शानदार प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और समर्पण के दम पर न केवल भारतीय हॉकी में अपनी अलग पहचान बनाई है, बल्कि पूरे बिहार को भी गौरवान्वित किया है. उन्होंने कहा कि एशिया कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम की सफलता में सावन कुमार का योगदान सराहनीय रहा है.

एशिया कप विजेता बिहार के गोलकीपर सावन कुमार का पटना में भव्य स्वागत

श्रेयसी सिंह ने कहा कि सावन कुमार की यह उपलब्धि बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने खेल कौशल के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है. इससे राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलेगी.

एशिया कप विजेता बिहार के गोलकीपर सावन कुमार का पटना में भव्य स्वागत

खेल मंत्री ने सावन कुमार को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले दिनों में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत तथा बिहार का गौरव बढ़ाते रहेंगे.

पटना एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान खेल प्रेमियों और समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. लोगों ने फूल-मालाओं और तालियों के साथ एशिया कप विजेता खिलाड़ी का अभिनंदन किया. सावन कुमार की इस उपलब्धि को बिहार के खेल जगत के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--