BIHAR NEWS : छपरा में चापाकलों की मरम्मत हेतु विशेष अभियान, DM ने मरम्मत दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
छपरा (सारण) : भीषण गर्मी को देखते हुए सारण जिला प्रशासन ने खराब पड़े सरकारी चापाकलों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान शुरु किया है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मरम्मत दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह टीम जिले के सभी प्रखंडों में जाकर बंद और खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत करेगी,ताकि लोगों को गर्मी में पेयजल की समस्या न हो.
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED)के अनुसार जिले में कुल 32,492 सरकारी चापाकल लगे हुए हैं. इनमें से इस वर्ष 3,116 चापाकलों की मरम्मत का लक्ष्य रखा गया है. इसमेंIM-II/IIIके 2,326 और सिंगुर/ऑर्डिनरी के 790 चापाकल शामिल हैं.
प्रखंड स्तर पर बनाई गई मरम्मत टीमें पंचायत-पंचायत जाकर खराब पड़े चापाकलों को ठीक करेंगी. प्रशासन का लक्ष्य है कि मई महीने तक जिले के सभी बंद पड़े सार्वजनिक चापाकल चालू कर दिए जाएं.
साथ ही चापाकलों की शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है. ग्रामीण सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दूरभाष नंबर 06152-244791 पर कॉल कर खराब चापाकलों की जानकारी दे सकते हैं.
इस संबंध मेंPHEDके सहायक अभियंता और कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सांसद,विधायक,पार्षद,प्रखंड विकास पदाधिकारी,मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर बंद पड़े चापाकलों की सूची प्राप्त करें और उनकी जल्द मरम्मत सुनिश्चित करें.
छपरा से मुकुंद कुमार सिंह की रिपोर्ट--





