झारखंड हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश पद की नियुक्ति को लेकर अब राज्य सरकार की ओर से पहल तेज़ हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को पत्र लिखकर हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की मांग की है। रांची स्थित झारखंड हाईकोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश एम. एस. सोनाक आगामी 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। उनके रिटायरमेंट में अब बेहद कम समय बचा है, लेकिन अभी तक नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर अंतिम फैसला या प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में हाईकोर्ट के शीर्ष पद को लेकर स्थिति पर सबकी नज़रें टिकी हैं।

मुख्य न्यायाधीश का पद खाली होने या नियुक्ति में देरी होने का सीधा असर अदालत के कामकाज पर पड़ सकता है। खासतौर पर हाईकोर्ट में लंबित यानी पेंडिंग मामलों के निपटारे की रफ्तार धीमी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। न्यायिक प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए समय पर नियमित नियुक्ति को बेहद ज़रूरी माना जाता है। सीजेआई और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के न्यायाधीशों को भेजे अपने पत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय तक अंतरिम व्यवस्था बनाए रखने से न्यायिक तंत्र में अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो सकती है। मुख्यमंत्री का कहना है कि बार-बार होने वाले बदलावों या अस्थायी व्यवस्था से हाईकोर्ट के प्रशासनिक कामकाज और दीर्घकालिक संस्थागत योजनाओं में बाधा आती है.