प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे और वैशाली में होने वाले विशाल कार्यक्रम को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एनडीए (NDA) की एक उच्चस्तरीय और संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सत्ताधारी गठबंधन के तमाम दिग्गज नेता एक मंच पर नजर आए।बैठक की अध्यक्षता करते हुए नेताओं ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की। तय किया गया है कि आगामी 11, 12 और 13 नवंबर को प्रखंड स्तर पर, तथा 17 और 18 नवंबर को विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जाएंगी।इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, राष्ट्रीय सह-प्रभारी रोहन गुप्ता, जदयू के वरिष्ठ मंत्री श्रवण कुमार,और 'हम' तथा लोजपा (रामविलास) व राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख नेता शामिल हुए।
भाजपा प्रभारी हरीश द्विवेदी ने साफ संदेश देते हुए कहा कि यह बैठक उन लोगों को करारा जवाब है जो गठबंधन में फूट की अफवाहें फैलाते हैं। एनडीए पूरी एकजुटता के साथ बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जानकारी दी कि 20 नवंबर को एनडीए सरकार का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। इस अवसर पर वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी के 1200 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले औद्योगिक एस्टेट में एक भव्य कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे।प्रधानमंत्री यहाँ करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इसमें बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन भी शामिल है, जो आगे चलकर आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे कॉरिडोर का हिस्सा बनेगा। इससे उत्तर बिहार और मिथिला क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगेबैठक में मौजूद जदयू मंत्री श्रवण कुमार, 'हम' प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता सुभाष सिंह चंद्रवंशी ने भी कार्यकर्ताओं से अपील की।सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर नीतीश कुमार के सुशासन, सम्राट चौधरी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।एनडीए का लक्ष्य 21 नवंबर को वैशाली के राजापाकर की इस रैली को ऐतिहासिक बनाना है, ताकि वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प में 'विकसित बिहार' की भूमिका को और मजबूती मिल सके।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
