दिवाली और छठ पर्व पर बिहार आने वाले यात्रियों के लिए सरकार ने विशेष बस सेवा शुरू करने की तैयारी की है। पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए 10 अक्टूबर से बिहार के लिए 200 स्पेशल बसें चलाने की योजना है। बिहार राज्य परिवहन निगम की वेबसाइट पर ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।शुरुआत में पांच राज्यों से बिहार के बीच बसों का परिचालन किया जाएगा। दिल्ली से 40, पश्चिम बंगाल से 40, उत्तर प्रदेश से 60, जबकि हरियाणा और झारखंड से 30-30 स्पेशल बसें बिहार आएंगी।

पटना पहुंचने वाली इन बसों के लिए पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, गांधी मैदान और फुलवारीशरीफ में ठहराव की व्यवस्था होगी। इसके अलावा जीपीओ के पास बने मल्टी मॉडल हब पर भी बसें रुकेंगी।त्योहार के दौरान यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने पर भी सख्ती की जाएगी। परिवहन विभाग की ओर से स्पेशल बसों की जांच के लिए अभियान चलाया जाएगा। अधिक किराया वसूलने वाले संचालकों पर जुर्माने के साथ रजिस्ट्रेशन रद्द करने की कार्रवाई भी हो सकती है।हर साल दिवाली और छठ के दौरान दूसरे राज्यों में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग बिहार लौटते हैं। ट्रेनों में टिकट की उपलब्धता और अत्यधिक भीड़ की स्थिति में ये स्पेशल बसें यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त परिवहन विकल्प उपलब्ध कराएंगी।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट