हाजीपुर के महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तीसीऔता थाना क्षेत्र में ट्रक और सीएनजी टेंपो की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब एक बजे हुआ। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार, सीएनजी टेंपो में कुल सात लोग सवार थे। सभी हरियाणा से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। हादसे में तीसीऔता थाना क्षेत्र के डभइत गांव निवासी 25 वर्षीय अमरजीत मांझी की मौत हो गई। अमरजीत पांच भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में तीन साल की बेटी है और करीब 15 दिन पहले ही उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घायलों में शंभू मांझी, सुकुल मांझी, नीतीश कुमार और टेंपो चालक लक्ष्मण राय समेत पांच लोग शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे एक ट्रक का पिछला पहिया बदला जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे टेंपो ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। तभी सामने से आ रहे दूसरे ट्रक ने टेंपो को चपेट में ले लिया। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही तीसीऔता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मौके पर खड़े ट्रक को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।