बिहार की राजनीति में राजद नेता तेजस्वी यादव और उनके करीबी माने जाने वाले राज्यसभा सांसद संजय यादव के रिश्तों को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। तेजस्वी यादव ने 9 नवंबर को अपना 37वां जन्मदिन परिवार और पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच धूमधाम से मनाया। इस मौके पर राजद के कई वरिष्ठ नेता और समर्थक मौजूद रहे, लेकिन उनके करीबी मित्र और राजनीतिक सलाहकार संजय यादव समारोह में नजर नहीं आए। इतना ही नहीं, संजय यादव की ओर से सोशल मीडिया पर भी तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई नहीं दी गई। उनकी इस गैरमौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।संजय यादव को लंबे समय से तेजस्वी यादव का बेहद करीबी, बचपन का मित्र और पार्टी का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है। ऐसे में जन्मदिन जैसे खास मौके पर उनकी अनुपस्थिति को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, संजय यादव की गैरमौजूदगी की वजह को लेकर न तो कोई आधिकारिक बयान सामने आया है और न ही दोनों नेताओं के बीच किसी मतभेद की पुष्टि हुई है।
गौरतलब है कि पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव में राजद की हार के बाद लालू परिवार का अंदरूनी विवाद सार्वजनिक हो गया था। उस दौरान रोहिणी आचार्य ने संजय यादव और उनके सहयोगी रमीज पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि चुनावी हार के बाद उन पर राजनीति और परिवार छोड़ने का दबाव बनाया गया। वहीं, तेज प्रताप यादव भी पहले संजय यादव पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने उन पर भाइयों के बीच विवाद कराने और परिवार की एकता को प्रभावित करने का आरोप लगाया था।हालांकि, तेजस्वी यादव ने उस समय संजय यादव का बचाव किया था। पिछले महीने दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान भी संजय यादव तेजस्वी के साथ दिखाई दिए थे। ऐसे में जन्मदिन समारोह से उनकी दूरी को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब फिलहाल सामने नहीं आया है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
