पटना : आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई नियमित रूप से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को पटना जिले के बख्तियारपुर में बाढ़ रोड स्थित एक पनीर कारखाने की जांच की गई। इस दौरान 214 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत ₹1,49,800 आंकी गई। निरीक्षण दल ने मौके पर मिले 130 लीटर फॉर्मेलिन के साथ 635 किलोग्राम क्रीम, 360 किलोग्राम पनीर और 400 किलोग्राम दूध नष्ट कराया। जब्त और नष्ट की गई सामग्री का कुल मूल्य ₹4,73,900 है।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में वैध एफएसएसएआई लाइसेंस और कीट नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं मिले। परिसर में साफ-सफाई की कमी पाई गई और फर्श पर गंदा पानी जमा था। निरीक्षण दल ने जांच के लिए पनीर, दूध, घी और क्रीम के चार नमूने लिए, जिसे जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया।
प्रतिष्ठान को निर्देश दिया गया है कि खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैध लाइसेंस या पंजीकरण प्राप्त करने के बाद ही खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री की जाए।
आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा इकाई विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर रही है और अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
