स्कूल से नाम काटे जाने पर भड़के राज्यपाल : शिक्षा विभाग के अधिकारियों की लगाई क्लास, कहा- शर्म कीजिये आप

Edited By:  |
Reported By:
bihar ke bachchon ke school se nam kaate jane par bhadke rajyapal bihar ke bachchon ke school se nam kaate jane par bhadke rajyapal

नालंदा : बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शनिवार को बिहार के शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ही जमकर क्लास लगा दी। उन्होंने स्कूल से बच्चों के नाम काटे जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आगे कहा कि ये अधिकारी गर्व से बयान देते हैं कि उन्होंने बच्चों का नाम स्कूल से काट दिया। शर्म आनी चाहिए ऐसे अधिकारियों को।


दरअसल राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर शनिवार को नालंदा दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने नालंदा खुला विश्वविद्यालय में एक्सप्लोरिंग एक्सीलेंस इन मैथमेटिकल साइंसेज (ICEEMS-2023) पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन में देश दुनिया के 200 से अधिक गणितज्ञ शामिल हुए। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने कहा कि बिहार में शिक्षा विभाग के द्वारा सरकारी विद्यालयों में ग़ायब रहने वाले बच्चों का नाम काटे जाने पर नाराजगी जाहिर की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारी बड़े गर्व से बयान देते हैं कि सरकारी विद्यालय में बच्चों के गायब रहने पर उनका नाम काटा गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई बच्चों पर नहीं होनी चाहिए। इस प्रकार की कार्रवाई करने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे किस स्थिति में स्कूल नहीं जा रहे हैं। शिक्षकों को उनके घर जाकर उनकी समस्याओं को जानने की जरूरत है।

राज्यपाल ने कहा कि अधिकारियों को अंतर्मुख होकर इस दिशा में विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गणित एक आसान प्रायोगिक विषय है। उन्होंने कहा कि सामान्य बच्चों के मन में गणित को लेकर डर सा लगा रहता है।उन्होंने कहा कि गणित के विशेषज्ञ इसका हल निकालेंगे तो बच्चों के मन में गणित मित्र लगने लगेगा। उन्होंने कहा कि बचपन से ही लोगों का जुड़ाव गणित से हो जाता है। वहीं इस अवसर पर नालंदा खुला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केसी सिंहा सहित अन्य लोग मौजूद थे।


Copy