पटना : बिहार के किसानों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के साथ ही राज्य के करीब 73 लाख किसानों के बैंक खातों में दो-दो हजार रुपये की राशि पहुंच गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से ऑनलाइन कार्यक्रम के माध्यम से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए किसानों के खातों में यह राशि हस्तांतरित की. बिहार के किसानों को कुल 1,476 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता मिली है.
रबी की खेती की तैयारी में मिलेगी मदद
केंद्र सरकार की ओर से जारी इस राशि से किसानों को रबी फसलों की खेती की तैयारी में आर्थिक मदद मिलेगी. किसान इस पैसे का उपयोग बीज, खाद, उर्वरक और खेती से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीद में कर सकेंगे. खेती के महत्वपूर्ण सीजन में किस्त जारी होने से किसानों को कुछ आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.
सालाना मिलते हैं छह हजार रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में की गई थी. इस योजना का उद्देश्य पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को कृषि संबंधी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है.
योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान परिवार को सालाना छह हजार रुपये दिए जाते हैं. यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े सक्रिय बैंक खातों में भेजी जाती है.
बिहार के किसानों को अब तक 33 हजार करोड़ से अधिक
योजना के तहत बिहार के किसानों को पिछली 23 किस्तों के माध्यम से अब तक 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है. अब 24वीं किस्त के रूप में 1,476 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त भुगतान किया गया है.
इससे राज्य के लाखों किसान परिवारों को खेती की लागत और कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
