बेगूसराय : बड़ी खबर बेगूसराय से है जहां पुलिस ने फायरिंग कर स्वर्ण आभूषण दुकानदार से लूट मामले में 4 बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए अपराधियों के पास से पुलिस ने लूटे गए 9200 रुपये और 3 बाइक भी जब्त किया है, हालांकि लूटे गए सोने का आभूषण अभी बरामद नहीं हो सका है.

दरअसल 25 अक्टूबर की रात बखरी थाना क्षेत्र के जोकियाही पुल पर स्वर्ण आभूषण दुकानदार नीरज कुमार से बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर लूट की घटना को अंजाम दिया था. बदमाशों ने 60000 रुपये और करीब 25 ग्राम सोने के जेवरात लूट लिया था . इस घटना के बाद बखरी डीएसपी कुंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार टेक्निकल और मैनुअल अनुसंधान कर रही थी जिसके बाद बदमाशों की गिरफ्तारी हुई है.

पुलिस ने इस मामले में साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के आहोक रजौड़ा गांव के रहने वाले किशन कुमार, बीरपुर थाना क्षेत्र के फुलकारी गांव निवासी प्रेम कुमार और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालू नगर के प्रदुमन कुमार और आकाश कुमार को गिरफ्तार किया है. गुरुवार देर शाम बखरी थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी ने बताया कि यह लोग पहले दुकान पर रेकी किया था और फिर बाद में बखरी बाजार से दुकान बंद कर घर जाने के दौरान सुनसान इलाके में फायरिंग का लूट की घटना को अंजाम दिया है. पुलिस ने इन चारों को गिरफ्तार किया है . लूट में शामिल बाइक, 9200 रुपये को भी बरामद किया है. साथ ही लूट के दौरान जिस पिस्टल से फायरिंग की थी, वह पिस्टल भी बरामद कर लिया गया है. इस घटना में करीब आठ लोग शामिल थे. रेकी करने से लेकर लूटने तक में. अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने के जेवरात के बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है. बताया जाता है कि गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास है और यह लोग जेल भी गए थे जेल में ही दोस्ती हुई थी और बाहर जमानत पर बाहर आने के बाद इस लूट की घटना को अंजाम दिया है.