नालंदा : जिले के 7 विधानसभा क्षेत्र में 6 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. बिहारशरीफ के सोगरा उच्च विद्यालय प्रांगण से मतदान कर्मी अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्र के लिए रवाना किये गये.

नालंदा में चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी, 6 नवंबर को वोटिंग में 68 प्रत्याशियों का भाग्य का होगा फैसला

मतदान को लेकर कर्मी ईवीएम, वीवीपैट सहित अन्य सामग्री के साथ मतदान केंद्रो के लिए रवाना किये गये. जिले के कुल 2765 मतदान केंद्र हैं. जिस पर पर 22 लाख 42 हजार 867 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इस बार नालंदा जिले के सभी सातों विधानसभा में कुल 68 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं जिसमें नालंदा विधानसभा से ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और बिहार शरीफ विधानसभा से वन पर्यावरण जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार शामिल हैं.

जिले के सभी मतदान केंद्रों को केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के हवाले किया गया है. सुरक्षा को लेकर भी चाक चौबंद व्यवस्था की गयी है. पूरी तरह सुरक्षा घेरे में मतदान कराने के लिए पुलिस की तैयारी पूरी हो चुकी है. साथ ही जोनल, सुपर जोनल दंडाधिकारी भी तैनात किये गये हैं. वहीं वरीय अधिकारी भी पूरी तरह भ्रमण कर मतदान केंद्रों पर अपनी निगरानी बनाये रखेंगे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि मतदान को लेकर यातायात के भी व्यापक इंतजाम किये गये हैं. विधानसभा वार गाड़ियों में कलर कोडिंग किया गया है और पोल्ड ईवीएम को ब्रजगृह तक पहुंचाने के लिए रोड मैप तैयार किया गया है. ताकि जाम की स्थिति नहीं बन सके.