BIG NEWS : नालंदा में पढ़ाई के दौरान आंगनबाड़ी के छत का मलवा गिरने के कारण 6 बच्चे घायल, अस्पताल में भर्ती
नालंदा: बड़ी खबर बिहार के नालंदा से है जहां पढ़ाई के दौरान आंगनबाड़ी के छत का प्लास्टर गिरने के कारण आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए हैं. घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि परवलपुर प्रखंड के जयशिव बिगहा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–6 में अचानक पढ़ाई के दौरान छत के निचले भाग का पलस्तर सहित गिरने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे में केंद्र में पढ़ रहे आधा दर्जन छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एकंगरसराय के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया,जहां डॉक्टरों ने सभी बच्चों को फिलहाल खतरे से बाहर बताया है.
घायलों में जयशिव बिगहा निवासी ज्वाला पासवान का 4 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार,रविशंकर पासवान की 4 वर्षीय पुत्री अणु कुमारी,4 वर्षीय तन्नू कुमारी तथा नीतीश पासवान का 3 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार,आयुष कुमार सहित अन्य बच्चे शामिल हैं. इनमें आकाश कुमार को सबसे अधिक चोट आई है और उसका पैर टूट गया है.
इस संबंध में सीडीपीओ शशिकला सिंह ने बताया कि एक वर्ष पूर्व 77 हजार रुपये की लागत से केंद्र की मरम्मत कराई गई थी. मरम्मत के कुछ समय बाद ही छत का प्लास्टर गिरने की घटना घटित हुई है,जिससे बच्चों को चोटें आईं है.
घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों ने आंगनवाड़ी भवन की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं प्रशासन से भी जर्जर भवनों की जांच कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई है.
नालंदा से राजकुमार मिश्रा की रिपोर्ट--





