लातेहार : बड़ी खबर लातेहार से है जहां पुलिस ने जिले में बढ़ते अपराध के विरूद्ध छापेमारी करते हुए बालूमाथ थाना क्षेत्र से 5 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये अपराधियों के पास से थ्री नॉट फिफटीन का एक राइफल, 46 कारतूस, 4 खोखा, 3 मोबाइल और एक बाइक जब्त किया गया है.
मामले में बालूमाथ एसडीपीओ विनोद रवानी ने बताया कि विगत पांच नवंबर को कोयला लदा दो हाइवा को आग लगा कर क्षेत्र में गोलीबारी की गई थी. इसके बाद लातेहार एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने सघन छापेमारी कर पांच अपराधियों को पकड़ा है. पकड़े गये अपराधियों में एक रांची जिला के मैक्लुस्कीगंज निवासी है जबकि चार बालूमाथ निवासी है. उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान अपराधियों ने बताया कि 10 से 12 लोगों का गिरोह अपराध कार्य में लिप्त है जो उग्रवादियों के नाम पर वारदात को अंजाम देकर दहशत व्याप्त करने और लेवी वसूली करने का कार्य करती है. उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की छापेमारी जारी है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा. बता दें कि बालूमाथ थाना क्षेत्र में संचालित कोयला लदा हाइवा और ट्रक अपराधियों और उग्रवादियों के सॉफ्ट टारगेट में रहा है. इससे व्यवसायिक वर्गों में खासा भय व्याप्त रहता है.
