पटना: बिहार के मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने भ्रष्टाचार, अवैध राशि की वसूली और सरकारी वाहन के दुरुपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने नवादा में पदस्थापित मद्यनिषेध के अवर निरीक्षक नितीश कुमार को सेवाच्युति की सजा दी है। विभागीय जांच में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप प्रमाणित पाए गए हैं।
शराब सेवन के आरोप में पकड़े गए व्यक्ति से अवैध रूप से पैसे लेने का आरोप
विभाग की ओर से 17 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नितीश कुमार पर 11 अगस्त 2025 की रात शराब सेवन के आरोप में पकड़े गए व्यक्तियों से अवैध रूप से पैसे लेने का आरोप था। आरोप है कि उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से 34 हजार रुपये प्राप्त कर संबंधित व्यक्तियों को छोड़ दिया था। इसके अलावा 13 अगस्त 2025 की रात विभागीय वाहन को अनधिकृत एवं असामाजिक व्यक्तियों को उपलब्ध कराने और उसके दुरुपयोग का मामला भी सामने आया था।
जांच रिपोर्ट में दोनों प्रमुख आरोप प्रमाणित पाए गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने नियमानुसार अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की। गठित संचालन पदाधिकारी ने जांच के दौरान गृह रक्षकों, वाहन चालक और अन्य संबंधित व्यक्तियों के लिखित बयान के साथ बैंकिंग लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की समीक्षा की। जांच रिपोर्ट में दोनों प्रमुख आरोप प्रमाणित पाए गए।
जांच प्रतिवेदन के मुताबिक, अवैध रूप से प्राप्त 34 हजार रुपये वापस करने के लिए संबंधित पदाधिकारी स्वयं गोविन्दपुर थाना, नवादा पहुंचे थे। वहां उक्त राशि जब्त किए जाने की भी पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया कि विभागीय वाहन बिना किसी अधिकृत मद्यनिषेध पदाधिकारी या सिपाही के अनधिकृत व्यक्तियों को सौंपा गया था।
विभाग ने संबंधित अधिकारी के बचाव अभिकथन की भी समीक्षा की, लेकिन उनके तर्कों को स्वीकार योग्य नहीं पाया। इसके बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम 18(3) के तहत निलंबित अवर निरीक्षक नितीश कुमार को सेवाच्युति की शास्ति अधिरोपित की गई। विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी सेवकों की जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

