मंगलवार को मुंगेर के तारापुर में सीएम नीतीश की सभा में चंद लोगों ने बेरोजगारी के मुद्दे पर हंगामा किया तो जवाब में नीतीश ने सभा में मौजूद बाकी लोगों से ताली बजाकर जवाब देने को कहा और भीड़ ने ताली बजाकर जवाब दिया। वहीं आखिर में नीतीश ने सभा में हंगामा करने वाले लोगों का भी धन्यवाद दिया।

किसी भी चुनाव में भीड़ की तस्वीर के ज़रिए या सभा में हंगामा करने वाले लोगों के आधार पर पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा करती हैं। आरजेडी खेमे की ओर से तेजस्वी यादव की सभा में जुटने वाली भीड़ को लेकर भी तेजस्वी जीत के दावे करते हैं। खुद तेजस्वी यादव अपने ट्विटर हैंडल से हर रोज अपनी सभाओं में उमड़ने वाली भीड़ की तस्वीर डालते हैं और भीड़ को लेकर उपचुनाव में जीत का दावा करते हैं।

तेजस्वी-नीतीश की सभा में कितनी भीड़?ट्विटर पर भीड़ को लेकर तेजस्वी का दावा

तेजस्वी यादव की जनसभा में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर तेजस्वी के पक्ष में लहर होने का आरजेडी का दावा है लेकिन सीएम नीतीश की सभा में भी भीड़ उमड़ रही है। ज़रा तेजस्वी और नीतीश की सभा में उमड़ी भीड़ की दोनो तस्वीरों को एक साथ गौर से देखिएगा।

तेजस्वी-नीतीश की सभा में कितनी भीड़?तारापुर में नीतीश की सभा में भीड़

तेजस्वी और नीतीश दोनो की सभा की भीड़ की इन तस्वीरों को गौर से देखने पर कई पहलू नज़र आते हैं। मसलन

तेजस्वी की सभा में भीड़ बिल्कुल मंच के पास खड़ी रहती है. मंच के पास भीड़ के होने से कैमरे पर एक बज क्रिएट होता है. नीतीश की सभा में सुरक्षा कारणों से मंच से करीब 50 मीटर दूरी पर भीड़ रहती है. दूरी पर रहने से कैमरे में भीड़ कम नज़र आती है. तेजस्वी की सभा में महिलाओं की बहुत कम होती है, नीतीश की सभा में महिलाएं भी नजर आती हैं। तेजस्वी की सभा में भीड़ आक्रामक और शोर करती नज़़र आती है। नीतीश की सभा में भीड़ शांत रहती है. आरजेडी का मुस्लिम-यादव वोट बेस मुखर माना जाता है. नीतीश का वोटर बेस 'ईबीसी' शांत माना जाता है। लेकिन भीड़ दोनो नेताओं की सभा में होती है। कई बार भीड़ नेता से ज्यादा नेता के हेलीकॉप्टर को देखने के उत्साह में भी पहुंचती है।

भीड़ को लेकर दावों के बीच सवाल ये भी है कि क्या भीड़ में आने वाले लोग भाषण सुनकर अपना वोट तय करते हैं या फिर सभा में आने वाली भीड़ उसी नेता को वोट देते हैं। सवाल है कि क्या क्या भीड़ से तय होते हैं चुनाव के नतीजे? या फिर वोट में तब्दील नहीं हो पाती है भीड़? क्या भीड़ से तय होती है जीत-हार? सवाल का जवाब समझने के लिए 2010 की एक रैली की ये तस्वीर देखिए। 2010 विधानसभा चुनाव के दौरान जब लालू और रामविलास पासवान साथ थे तब उन्होंने एक साझा रैली की थी जिसकी ये तस्वीर है।

तेजस्वी-नीतीश की सभा में कितनी भीड़?2010 में लालू-रामविलास की साझा रैली

लालू-रामविलास की 2010 की रैली में खूब भीड़ उमड़ी थी लेकिन फिर भी 2010 में आरजेडी-एलजेपी गठबंधन की करारी हार हुई थी. आरजेडी-एलजेपी गठबंधन को महज 25 सीटें हासिल हुईं. आरजेडी 22 पर सिमट गई, तो एलजेपी को महज 3 सीटें मिली थीं। अब जरा 2015 चुनाव के दौरान पीएम मोदी की सभा में उमड़ी तस्वीर देखिए।

तेजस्वी-नीतीश की सभा में कितनी भीड़?2015 में पीएम मोदी की सभा में भीड़


2015 चुनाव में पीएम मोदी की हर जनसभा में खूब भीड़ उमड़ी थी लेकिन एनडीए की करारी हार हुई थी बीजेपी को सिर्फ 53 सीटें मिली, हालांकि वोट प्रतिशत में बीजेपी ने बाजी मारी थी और 25 फीसदी वोट मिले थे। इन दोनों चुनावों से साफ है भीड़ को चुनाव नतीजों का पैमाना नहीं माना जा सकता है. हालांकि भीड़ को लेकर जीत के दावे सभी करते हैं. वैसे भीड़ बनकर नेताओं को लोग सुनने जरूर जाते हैं, लेकिन उनके ज़ेहन में खुद से जुड़ा मुद्दा पहले से ही तय रहता है, हालांकि कई बार भीड़ प्रायोजित भी होती है, जिसे नेता के भाषण से कोई मतलब नहीं होता है. ऐसे में भीड़ नहीं, बल्कि मतदान केंद्र पर पहुंचने वाले वोटर तय करेंगे सरकार किसकी बनेगी।