Hindi News / सिंगरौली बैंक डकैती मामले में डिहरी RPF ने ट्रेन से लुटेरे को दबोचा,...

बड़ी सफलता : सिंगरौली बैंक डकैती मामले में डिहरी RPF ने ट्रेन से लुटेरे को दबोचा, लाखों के जेवर और कैश बरामद

Edited By:  |
badi safalta badi safalta

रोहतास : मध्यप्रदेश के सिंगरौली बैंक डकैती मामले में डिहरी आरपीएफ ने ट्रेन से लुटेरे के साथ लाखों के गहने और नगद राशि बरामद कर लिया है.

मामले में डीएसपी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के सिंगरौली में पिछले दिन बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई करोड़ों की बड़ी डकैती मामले में रोहतास की रेल पुलिस टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. डिहरी आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेन से भाग रहे एक अंतरजिला लुटेरे को धर दबोचा है. पुलिस ने आरोपी के पास से लूट का सोना और नकदी भी बरामद किया है.

डिहरीRPFइंस्पेक्टर राम बिलास राम के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में यह सफलता हाथ लगी है.

मध्यप्रदेश के सिंगरौली बैंक लूट कांड के बाद से ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर रेल मंडलों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में डिहरी आरपीएफ इंस्पेक्टर राम बिलास राम के नेतृत्व में संदिग्धों की तलाश की जा रही थी. इस कार्रवाई के दौरान डीआईओ (DIO)टीम भी मौजूद रही. इसी बीच संदिग्ध हलचल में आरोपी को देखा गया तो जांच पड़ताल के बाद मामले का खुलासा हुआ.

डीएसपी ने बताया कि उसकी हलचल और घबराहट को देखकर जब टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ और तलाशी ली, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा जिले के गवाल बीघा निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है. पकड़े गए युवक के पास से करीब 9 लाख का सोना और 15 लाख कैश बरामद किया गया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लूट का अपना हिस्सा लेकर लौट रहा था. इस लूटकांड में उसके 5 साथी शामिल थे. फिलहाल 61 ग्राम से अधिक करीब ₹9 लाख का सोना तथा ₹15 लाख नगद बरामद किया गया है. पिछले दिनों मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में पांच हथियारबंद अपराधियों ने करीब 15 करोड़ रुपये के सोने और 20 लाख रुपये नकद की लूट की वारदात को अंजाम दिया था. गिरफ्तार कमलेश कुमार इसी गिरोह का सदस्य है और घटना के बाद अपना हिस्सा लेकर सुरक्षित ठिकाने की ओर भाग रहा था.

फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मध्य प्रदेश पुलिस को सौंपने की तैयारी की जा रही है. इस गिरफ्तारी को मध्यप्रदेश पुलिस ने अंतरराज्यीय अपराधी गिरोहों के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि मान रहा है.

रोहतास से दया नन्द तिवारी की रिपोर्ट--