बड़ी कामयाबी : वैशाली पुलिस ने महनार स्वर्ण व्यवसायी डकैतीकांड के 3 शातिर अपराधियों को दबोचा, नेपाल-बिहार गैंग का खुलासा
हाजीपुर : बड़ी खबर वैशाली से है जहां महनार थाना क्षेत्र में 20-21 अप्रैल की रात स्वर्ण व्यवसायी के घर हुई सनसनीखेज डकैती का वैशाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 3 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये बदमाशों में दो नेपाली नागरिक भी शामिल है.
क्या कहा पुलिस :
एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि20-21अप्रैल की रात करीब एक दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी के घर डकैती की थी. एसडीपीओ महनार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी. टेक्निकल एनालिसिस के बाद30अप्रैल को पहले एक अपराधी की गिरफ्तारी हुई,जिससे पूरे कांड का खुलासा हुआ.
नेपाल-बिहार गैंग ने दिया था घटना को अंजाम:
जांच में सामने आया कि यह डकैती स्थानीय गैंग और नेपाल के शातिर गैंग ने मिलकर सुनियोजित तरीके से की थी. सभी अपराधी पहले बेतिया में एक विवाह समारोह में जुटे थे,वहीं पूरी योजना बनी. नेपाल से आए अपराधी,जो आंदोलन के दौरान जेल तोड़कर फरार हुए थे,और बिहार के लोकल गैंग ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया.
अपराधी मुजफ्फरपुर के रास्ते ऑटो से महनार पहुंचे थे. डकैती के बाद पैदल निकलकर रातभर इधर-उधर छिपे रहे और सुबह अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए.
एसपी ने कहा “यह एसआईटी की बड़ी सफलता है. जयराम पासवान जैसे दुर्दांत अपराधी को पकड़ना चुनौती थी. नेपाल-बिहार का ये नेटवर्क तोड़ा गया है. लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है.”
पुलिस बाकी फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है. इस खुलासे से अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय अपराधी गिरोह पर नकेल कसी गई है.
वैशाली से पंकज चौहान की रिपोर्ट-





