अलविदा जुमा : मधुपुर में मंत्री हाफिजुल हसन ने लोगों के साथ अदा की नमाज,आपसी भाईचारे के लिए मांगी दुआ
मधुपुर:पवित्र माह रमजान के आखिरी दिन शहरी और ग्रामीण इलाकों में ‘अलविदा जुमे’ की नमाज पूरी अकीदत और सादगी के साथ अदा की गई. झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन विभाग के मंत्री हाफिजुल हसन ने भी आम जनमानस के साथ अलविदा जुमे की नमाज अदा की.इस विशेष मौके पर मस्जिदों में नमाजियों का भारी हुजूम देखने को मिला. जहां देश की तरक्की, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए सामूहिक दुआएं मांगी गईं.
नमाज के उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए मंत्री हाफिजुल हसन ने सभी देशवासियों को रमजान और आने वाले ईद-उल-फितर की अग्रिम मुबारकबाद दी. उन्होंने कहा कि रमजान का यह मुकद्दस महीना हमें त्याग, संयम और खुदा की इबादत सिखाता है. हमारा देश विविधताओं का देश है, यहां की खूबसूरती आपसी भाईचारे में ही निहित है.हमें रमजान की सीख को जीवन भर अपनाना चाहिए और इंसानियत की सेवा का संकल्प लेना चाहिए.
मधुपुर शहर की ऐतिहासिक पीर साहब बड़ी मस्जिद में सुबह से ही नमाजियों के आने का सिलसिला जारी था. दोपहर तक मस्जिद परिसर और आस-पास के क्षेत्र नमाजियों से भर गए. नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया और अल्लाह की बारगाह में हाथ उठाकर राज्य व देश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की गई.
अलविदा जुमे की नमाज के मद्देनजर मधुपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया. मस्जिदों के बाहर और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे.





