वैशाली : पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार बुधवार को वैशाली पहुंचे. उन्होंने राजापाकर प्रखंड के बनघारा गांव में संतोष कुमार कुशवाहा के पिता के श्राद्ध कर्म में भाग लिया. नीतीश कुमार ने दिवंगत आत्मा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. इस दौरान जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, राजापाकर विधायक महेंद्र राम समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.
कार्यक्रम से निकलते समय पत्रकारों ने उनसे पूछा कि गंगा नदी पर बने सिक्सलेन पुल का नाम उनके नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा जा रहा है, इस पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है? इस सवाल पर नीतीश कुमार ने कुछ देर रुककर हाथ जोड़कर नमस्कार किया और बिना कुछ बोले वहां से रवाना हो गए. उनके साथ चल रहे नेता भी इस सवाल पर कुछ नहीं बोले. उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
बता दें कि पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर तक गंगा नदी पर बने छह लेन महासेतु का नाम नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा गया है. इस पुल का उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित है. लगभग 4,988 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना की कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है, जिसमें गंगा नदी पर मुख्य पुल की लंबाई लगभग 9.76 किलोमीटर है. पुल की चौड़ाई करीब 32 मीटर है और यह छह लेन का है. इस महासेतु के चालू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा, उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा तथा महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव भी कम होगा. पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
वैशाली से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट-
