चुना भट्ठा के पास नदी में स्नान करने के दौरान हुआ हादसा, घंटों की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को निकाला गया बाहर; अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रामगढ़:रामगढ़ थाना क्षेत्र के चुना भट्ठा के समीप दामोदर नदी में डूबने से दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान शिवम कुमार और छोटू कुमार के रूप में हुई है। दोनों बच्चों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे इलाके में मातम छा गया।
नदी में स्नान करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोनों चचेरे भाई दामोदर नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। देखते ही देखते दोनों नदी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से नदी में दोनों बच्चों की तलाश शुरू की गई। हादसे की खबर फैलते ही नदी किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घंटों की मशक्कत के बाद निकाले गए दोनों बच्चे
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घंटों तक खोज अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक साथ दो बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम
इसके बाद रामगढ़ पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दो चचेरे भाइयों की एक साथ असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
रामगढ़ से मुकेश सिंह की रिपोर्ट

