गयाजी : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के गयाजी से है जहां पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा किया है. शहर के जिन घरों से नगर निगम के सफाईकर्मी रोजाना कचरा उठाते थे, उन्हीं घरों की खाली रहने की जानकारी जुटाकर चोरी की साजिश रचते थे. छठ महापर्व के दौरान बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में नगर निगम के चार सफाईकर्मियों समेत कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, चोरी के गहने खरीदने वाले दो ज्वेलरी दुकानदार भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं.
कचरा उठाने के दौरान जुटाते थे घरों की पूरी जानकारी
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य सफाईकर्मी होने का फायदा उठाकर घर-घर पहुंचते थे. कचरा उठाने के दौरान वे इस बात पर नजर रखते थे कि किस घर में ताला लगा है, कौन परिवार बाहर गया है और कौन सा मकान कई दिनों से खाली पड़ा है. इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य रेकी कर चोरी की योजना तैयार करते थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देते थे.
छठ में बंद मकानों को बनाया था निशाना
मामले का खुलासा करते हुए गया के एसएसपी सुशील कुमार ने बुधवार को बताया कि 15 नवंबर 2026 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अतरी के एक मुखिया समेत दो बंद घरों में चोरी हुई थी. छठ पर्व के कारण घर के सदस्य बाहर गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद वजीरगंज डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर जांच शुरू की गई.
चार सफाईकर्मी और दो ज्वेलरी दुकानदार गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया. पूछताछ और उसकी निशानदेही पर सात अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. इनमें चार गया नगर निगम के सफाईकर्मी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, दो आरोपित पहले धनबाद नगर निगम में भी काम कर चुके हैं. गिरोह के छह सदस्य चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे, जबकि दो लोग चोरी के आभूषण खरीदने का काम करते थे.
पुलिस ने चंदौती चौराहा स्थित मोहिनी ज्वेलर्स के संचालक सौरभ कुमार वर्मा और आभूषण कारोबारी रामनंदन प्रसाद को भी गिरफ्तार किया है. इन पर चोरी के सोने-चांदी के गहने खरीदने का आरोप है.
कार, बाइक और सोने-चांदी के आभूषण बरामद
गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने एक कार, दो मोटरसाइकिल, छह ग्राम गलाया हुआ सोना, कई आभूषण, बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के और पांच मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दूरदराज के इलाकों में चोरी करने के लिए कार का इस्तेमाल करते थे.
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी की दूसरी वारदातों में उनकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है. इस कार्रवाई के बाद घरों से कचरा उठाने के बहाने रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है.
गयाजी से मनोज सिंह की रिपोर्ट --
