शिक्षा, कृषि, स्वच्छता और ग्रामीण आजीविका पर विशेष जोर, 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि वितरित; 1506 लाभार्थियों का हुआ e-KYC

रांची:झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, कृषि विकास और महिला सशक्तीकरण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को जिले की सभी 305 ग्राम पंचायतों में पौधारोपण सहित कई विकासात्मक गतिविधियां संचालित की गईं।

305 पंचायतों में पौधारोपण

जिले की सभी पंचायतों में पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए गए। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों को दी गई। वहीं, बेड़ो के केशा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक के घर गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

विद्यार्थियों और किसानों को किया जागरूक

शिक्षा विभाग ने स्कूलों में विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, आंदोलनकारियों, महापुरुषों और संस्कृति की जानकारी दी। वहीं, सोनाहातू के दुलमी पंचायत में किसानों को प्राकृतिक खेती, मिट्टी जांच, बीजोपचार और जैविक कीटनाशक तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया।

JSLPS की पहल से ग्रामीण परिवारों को लाभ

JSLPS की ओर से बुंडू में 16 किसानों को मटर बीज और पोषण वाटिका किट दी गई। राहे में 1,000 अति गरीब परिवारों का चयन समावेशी आजीविका योजना के तहत किया गया है। अब तक 719 परिवारों को आर्थिक सहायता और 805 परिवारों को किचन गार्डन किट मिली है। इसके अलावा 425 बकरियों का टीकाकरण किया गया और कांके के नेवरी CLF को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि दी गई। करीब 1,506 लाभार्थियों का आधार e-KYC भी पूरा हुआ।

26 नवंबर तक बिजली उपभोक्ताओं के लिए शिविर

विद्युत विभाग की ओर से 26 नवंबर तक विभिन्न इलाकों में विशेष जन समस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक आयोजित इन शिविरों में नए कनेक्शन, बिजली बिल सुधार, मोबाइल नंबर अपडेट और ट्रांसफॉर्मर सहित अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता पर जोर

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाने के साथ खराब चापाकलों की मरम्मत कराई जा रही है। जिला प्रशासन के अनुसार, स्थापना दिवस पखवाड़े का उद्देश्य ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है।

रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट