आपातकाल पर सुशील मोदी का बड़ा बयान : आरजेडी पर बोला हमला, कहा-थोपने वाली कांग्रेस से मिलाया हाथ

Edited By:  |
aapatkal par sushil modi ka bada bayaan aapatkal par sushil modi ka bada bayaan

पटना : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री संप्रति राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि आज से 47 वर्ष पूर्व 25 जून की आधी रात को अपनी सत्ता को बचाने के लिए इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाया था। पूरे देश में 1 लाख 10 हजार लोगों को जेल में बंद कर दिया गया। प्रेस सेंसरशिप लागू कर दिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगा दिया। आपातकाल के खिलाफ लड़ाई में बिहार की अग्रणी भूमिका थी।

मोदी ने कहा कि जिस कांग्रेस ने संविधान का गला घोट आपातकाल लगाया, देश की एक सौ से ज्यादा सरकारों को बर्खास्त किया, जो जेपी की मृत्यु के लिए जिम्मेवार है, जिस आपातकाल में एक करोड़ से ज्यादा लोगों की जबरिया नसबंदी कर दी गई, लोकतंत्र की जगह देश में तानाशाही थोप दी, उसी कांग्रेस के साथ राजद ने हाथ मिला लिया।

उन्होंने कहा कि आपातकाल ने बता दिया कि जनता को रोटी के साथ आजादी भी चाहिए। देश की जनता कभी भी प्रेस की आजादी पर अंकुश, लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन एवं तानाशाही स्वीकार नहीं कर सकती। राजद तो अब आपातकाल विरोधी दिवस भी मनाना भूल गई। आपातकाल थोपने वालों का साथ देने के लिए बिहार की जनता कभी राजद को माफ नहीं करेगी।


Copy