Salman Khan Firing Case : सलमान खान फायरिंग केस में एक और गिरफ्तारी, 5वां आरोपी राजस्थान से अरेस्ट, शूटर्स की रेकी में की थी मदद

Edited By:  |
 5th accused also arrested in Salman Khan firing case  5th accused also arrested in Salman Khan firing case

NEWS DESK :बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास पर फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 5वें आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मोहम्मद चौधरी के रूप में की गयी है। पुलिस की माने तो 5वें आरोपी ने दोनों शूटर्स सागर पाल और विक्की गुप्ता को पैसे मुहैया कराने और रेकी करने में मदद की थी।

राजस्थान से हुई गिरफ्तारी

सलमान के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने 5वें आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस इसे राजस्थान से मुंबई ला रही है, जहां उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने शूटर सागर पाल और विक्की गुप्ता समेत 4 लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को भी वांछित आरोपी के रूप में दिखाया गया है।

एक आरोपी ने पुलिस कस्टडी में लगायी थी फांसी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक अनुज थापन की मुंबई पुलिस हिरासत में मौत हो गई है। अनुज और सोनू के खिलाफ पंजाब और हरियाणा में कई मामले दर्ज हैं और वह शुरू से ही लॉरेंस गैंग से जुड़े रहे हैं। दोनों ने 15 मार्च को पनवेल में दो पिस्टल की डिलीवरी की थी। दोनों ने सागर पाल और विक्की गुप्ता को दो पिस्टल और 38 जिंदा कारतूस दिए। सागर पाल और विक्की गुप्ता दोनों ने सलमान के घर पर फायरिंग की थी। घटना के दूसरे दिन यानी 15 अप्रैल की रात दोनों को गुजरात के भुज से गिरफ्तार कर लिया गया था।

'भाईजान' को कई बार मिल चुकी है धमकी

विदित है कि बॉलीवुड के भाईजान को इससे पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। इससे पहले जून 2022 में मॉर्निंग वॉक पर निकले सलमान के पिता सलीम खान को एक अज्ञात पत्र मिला था, जिसमें उन्हें और सलमान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र में लिखा था - 'तेरा मूसेवाला जैसा हाल बना देंगे सलमान खान।' इसके बाद सलीम खान ने अपने सुरक्षाकर्मी की मदद से पुलिस से संपर्क किया और बांद्रा थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया।

पिछले साल ही जोधपुर के रहने वाले धाकड़राम ने सलमान के ऑफिशियल मेल पर तीन ई-मेल किए थे। इसमें लिखा था कि सलमान खान अगला नंबर तेरा है, तू जोधपुर आते ही सिद्धू मूसेवाला की तरह मारा जाएगा।

(लक्ष्मी की रिपोर्ट)


Copy